नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के भगवानपुरा चौराहा स्थित एक बंद मकान में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लग जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया गया है कि यह मकान मिस्त्री का कार्य करने वाले प्रताप सिंह यादव का है। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे, जिससे मकान पर ताला लगा हुआ था।

आसपास के रहवासियों ने जब बंद मकान से धुआं उठते देखा, तो तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पार्षद दुर्गाशंकर भील को दी। पार्षद ने मौके पर पहुंचकर नगर पालिका और फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही दमकल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आग तेजी से फैल रही थी और मकान बंद होने के कारण ताला तोड़कर दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का कार्य शुरू किया। टीम की तत्परता और मुस्तैदी से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया।

हालांकि, आग से घर में रखी टीवी, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए। सौभाग्य से घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

आग लगने की खबर फैलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। वहीं, सिटी थाना पुलिस ने भी घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
