नीमच। नीमच-जावद रोड पर शुक्रवार देर रात एक कार और दो बाइकों की टक्कर में ज्ञानोदय आईटीआई कॉलेज के शिक्षक दशरथ पिता शंभूसिंह बावरी (42 वर्ष, निवासी जावद) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी, दो बच्चे और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा भरभड़िया और महेशपुरिया के बीच हुआ। जानकारी के अनुसार एएसआई मनोज यादव की कार (नंबर एचआर 99 एबीएस (टैम्प) 1491) जावद की ओर से आ रही थी, जिसने सामने से आ रही दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। घायलों में मृतक की पत्नी ललिता बाई (35), पुत्र हर्षित (10), पुत्री जया (6) और अठाना निवासी भोपाल पिता नारायण सिंह (44) शामिल हैं। राहगीरों की मदद से सभी को जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दशरथ बावरी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया। मृतक दशरथ बावरी नीमच के एक निजी आईटीआई कॉलेज में शिक्षक थे और घटना के समय परिवार सहित सब्जी लेकर घर लौट रहे थे।

हादसे के बाद आक्रोश-
घटना के बाद मृतक के परिजन और समाजजन कंट्रोल रूम के सामने मुख्य मार्ग पर धरने पर बैठ गए, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए और एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

इससे पहले प्रशासनिक अधिकारी जिला चिकित्सालय पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने मांगें पूरी होने तक शव लेने से इनकार कर दिया। अस्पताल परिसर में भी आक्रोश और हंगामे की स्थिति बनी रही।
