बेगूं (चित्तौड़गढ़)। मोतीपुरा से मालीखेड़ा होते हुए पारसोली तक जाने वाला मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। यह मार्ग तहसील बेगूं क्षेत्र के अंतर्गत आता है, लेकिन लंबे समय से इसकी सुध कोई नहीं ले रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस रास्ते से प्रतिदिन भारी वाहन गुजरते हैं, जिससे सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है। वहीं, लगभग 50 बच्चे रोजाना इसी मार्ग से पैदल स्कूल जाने को मजबूर हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर भी अभिभावक चिंतित हैं।
क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो चुके हैं और बरसात के बाद से हालात और बिगड़ गए हैं। राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना जोखिम उठाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और बच्चों की आवाजाही सुरक्षित हो सके।