नीमच। रामपुरा थाना क्षेत्र के देवरान गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई। खेत पर काम करते समय जहरीले जीव के काटने से उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

खेत में काम करते समय हुआ हादसा-
मृतका की पहचान आंचल प्रजापति (22), पिता किशोर प्रजापति निवासी देवरान के रूप में हुई। शनिवार दोपहर आंचल खेत में कृषि कार्य कर रही थी। इसी दौरान किसी अज्ञात जहरीले जीव ने उसे काट लिया, जिसके बाद उसकी हालत तेजी से खराब होने लगी। परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल नीमच लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन जहर का असर इतना अधिक था कि आंचल ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया।

26 नवंबर को होने वाली थी शादी-
घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। आंचल की शादी 26 नवंबर को तय थी। परिजनों के अनुसार वे शनिवार को ही शादी के लिए सामान खरीदकर लौटे थे। सामान अभी गाड़ी से उतारा भी नहीं गया था कि अचानक यह दुखद हादसा हो गया। रविवार दोपहर पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
