देवरी खवासा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में रविवार को गांव में भव्य पद संचलन (मार्च पास्ट) कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में अनुशासन के साथ शामिल हुए।
पद संचलन की शुरुआत दशहरा मैदान से हुई। इसके बाद रैली गांव के मुख्य मार्गों बस स्टैंड, स्वराज भवन, देव नारायण चौक और इमली चौक से होती हुई पुनः दशहरा मैदान पहुंची। पूरे मार्ग में स्वयंसेवकों ने कदमताल करते हुए देशभक्ति से प्रेरित नारों का स्वर गूंजाया, जिससे पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत दिखाई दिया।
स्वराज भवन पर विशेष कार्यक्रम-
स्वराज भवन के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पहुंचने पर स्वयंसेवकों ने एक साथ खड़े होकर राष्ट्रीय गान प्रस्तुत किया। यह दृश्य अत्यंत प्रेरणादायक रहा और उपस्थित जनों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
दशहरा मैदान पर बौद्धिक सत्र-
कार्यक्रम के समापन पर दशहरा मैदान पर संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा बौद्धिक सत्र आयोजित किया गया। सत्र में संघ के उद्देश्यों, अनुशासन, संस्कार, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और सामाजिक सहभागिता पर विस्तृत विचार रखे गए।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी उपस्थिति दर्ज कराई। पूरे आयोजन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके बाद स्वयंसेवकों ने “भारत माता की जय” के उद्घोष से वातावरण गुंजा दिया।