नीमच। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) मालवा प्रांत की नीमच जिला इकाई द्वारा रविवार को टाउन हॉल में ‘प्रबुद्ध जन गोष्ठी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सामाजिक समरसता, समाज में बढ़ रहे वैचारिक संघर्ष और वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों पर सार्थक चर्चा करना था।
“सभी जातियां समान और महान”- संगठन मंत्री
गोष्ठी के मुख्य वक्ता, संगठन मंत्री एवं वरिष्ठ प्रचारक खगेन्द्र भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि सभी जातियां महान और समान हैं, और समाज में व्याप्त भेदभाव तथा छुआछूत की भावनाओं को समाप्त करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने हिंदू शास्त्रों, संतों, देवी-देवताओं एवं परंपराओं का संदर्भ देते हुए समाज को सनातन मूल्यों की ओर लौटने का आह्वान किया।
उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों, जनसंख्या असंतुलन और भिन्न विचारधारा रखने वालों के मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की। भार्गव ने कहा कि हिंदू समाज देश की एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले किसी भी प्रयास को स्वीकार नहीं करेगा।
मां भारती और श्रीरामदरबार की पूजा से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत परम पूज्य महंत योगी लालनाथ महाराज और महंत गोवर्धननाथ योगी की उपस्थिति में प्रभु श्रीरामदरबार और मां भारती की पूजा-अर्चना से हुई।
विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि रहे उपस्थित
गोष्ठी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक, विहिप के प्रांत एवं जिला पदाधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक संघ, व्यापारी संघ, कुश्ती संघ और मातृशक्ति से जुड़े प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने देश को अखंड, गौरवशाली और समृद्ध बनाने का संकल्प लिया।