मंदसौर। जिले के ग्राम रणायरा में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब खेड़ा बालाजी मंदिर जाने वाले मार्ग की पुलिया पर एक बड़े आकार का मगरमच्छ दिखाई दिया। पुलिया पर आराम फरमाते हुए मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

शुरुआत में ग्रामीणों को अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ, लेकिन देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पास के किसी तालाब या जल स्रोत से रास्ता भटककर यह मगरमच्छ पुलिया तक पहुंच गया होगा।

सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीम सक्रिय हुई। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे पुलिया के आसपास न जाएं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और वन विभाग के निर्देशों का पालन करें।
