नीमच। गौसेवा की परंपरा को और सुदृढ़ करते हुए शहर के दानदाताओं ने गौ सेवा समिति, नीमच को एक नया ट्रैक्टर दान स्वरूप प्रदान किया। यह ट्रैक्टर बीमार, घायल और विकलांग गौवंश के लिए चारा एवं सुखला लाने के उपयोग में लाया जाएगा, जिससे समिति के कार्यों में गति और सुविधा बढ़ेगी।
कार्यक्रम का सबसे भावनात्मक क्षण तब आया, जब मात्र पाँच माह की नन्ही बालिका क्रियांशी अहीर ने गौ उपचारशाला परिसर में नवदत्त ट्रैक्टर का पूजन कर शुभारंभ किया। उपस्थितजन इस दृश्य को “गौसेवा की नई पीढ़ी का शुभ प्रतीक” बताते हुए भावुक दिखाई दिए।
इस अवसर पर पार्थ जोशी, मितेश अहीर, दुर्गाशंकर धनगर, राहुल रालोत, कुसुम अहीर सहित अनेक गौसेवक मौजूद रहे। सभी ने मिलकर गौमाता की सेवा को और अधिक विस्तार देने का संकल्प लिया।
दानदाताओं और समिति सदस्यों ने कहा कि यह पहल केवल एक ट्रैक्टर भेंट करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गौसेवा और समाजसेवा की निरंतर परंपरा को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है।