नीमच। अहीर यादव नारायणी सेना द्वारा 18 नवंबर को यादव शौर्य दिवस के अवसर पर नगर के टाउन हॉल परिसर में एक भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत भव्य वाहन रैली निकाली जाएगी, जिसके बाद प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी समाज के युवाओं को प्रशिक्षण सत्र के माध्यम से समाज की एकजुटता और संगठन को सुदृढ़ करने के उपाय बताएंगे।
इस अवसर पर यदुवंशी भगवान श्रीकृष्ण के वंशजों के गौरवशाली इतिहास पर भी विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा। प्रशिक्षण सत्र के उपरांत भोजन एवं प्रसादी वितरण का आयोजन भी प्रस्तावित है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर नीमच जिला नारायणी सेना अध्यक्ष हरीश अहीर के नेतृत्व में गांव-गांव जाकर समाजजनों को पीले चावल और आमंत्रण पत्र प्रदान कर आमंत्रित किया जा रहा है। उद्देश्य यह है कि अधिक से अधिक संख्या में समाजजनों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
इसी क्रम में सेना का 10 वाहनों का काफिला बरखेड़ा, कमलिया, जावद, बावल, लालपुर, लोद, चौखानखेड़ा, नयागांव, गणेशपुरा, फाचर अहिरान, वासीया, मालियाखेड़ी सहित कई गांवों का दौरा कर चुका है।
गांवों में पहुंचने पर समाजजनों ने नारायणी सेना का पारंपरिक ढंग से स्वागत कियाकृसिर पर साफा पहनाकर और पीतांबरी दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। ग्रामीणों ने आश्वासन दिया कि 18 नवंबर को आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में वे बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
गांव-गांव “जय यादव, जय माधव, जय श्रीकृष्ण, जय नारायणी सेना” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा।
आयोजन की तैयारियों में जिला, तहसील, नगर एवं ग्रामीण कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में एकता, शिक्षा और संगठन की भावना को मजबूत करना है, ताकि नई पीढ़ी अपने इतिहास और विरासत पर गर्व कर सके।