मनासा। रूपपुरा गांव में सोमवार शाम करीब 7 बजे घर में खेल रही 5 वर्षीय मासूम बच्ची को जहरीले सांप ने डंस लिया। सांप के डंसने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार मृतक बच्ची खुशी पिता परसराम बंजारा निवासी रूपपुरा को अचानक सांप ने काट लिया। परिजनों को घटना का पता चलते ही उन्होंने तुरंत बच्ची को मनासा शासकीय अस्पताल पहुंचाया। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बच्ची के शव को मनासा शवगृह में रखा गया है, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। गांव में मासूम की इस दर्दनाक मौत से शोक की लहर दौड़ गई है।
