नीमच। जीरन नगर परिषद में अमृत योजना 2.0 के तहत निर्माणाधीन पेयजल टंकी पर सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। करीब 70 फीट ऊंचाई पर काम कर रहे मजदूर नेमीचंद अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया और नीचे लगी लोहे की छड़ों (सरियों) पर जा अटका। एक सरिया उसके दाएं हाथ से आर-पार होकर बाएं हाथ की तरफ निकल गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल मजदूर करीब दो घंटे तक सरिए में फंसा रहा। सूचना मिलते ही जीरन पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों ने दिखाया साहस, काटकर मुक्त कराया-
पुलिस और एंबुलेंस टीम के साथ ग्रामीणों ने भी साहसिक बचाव कार्य शुरू किया। खाट का सहारा लेकर मजदूर के शरीर में घुसे सरिए को दोनों ओर से काटा गया। इसके बाद करीब 60 फीट ऊंचाई से उसे सावधानीपूर्वक नीचे उतारा गया।
अस्पताल रेफर-
नीचे उतारने के बाद 108 एंबुलेंस के ईएमटी ज्ञानेश धनगर और पायलट दशरथ व्यास ने गंभीर रूप से घायल नेमीचंद को जिला अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल निजी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।