नीमच। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, नीमच में विद्यार्थियों ने देशभक्ति और सृजनात्मकता का अनूठा प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर में भैया-बहनों ने तिरंगे रंगों से सुसज्जित “वंदे मातरम्” की भव्य आकृति बनाकर माँ भारती को नमन किया। यह आकर्षक आकृति कार्यक्रम का मुख्य केंद्र रही, जिसने विद्यालय का वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल कला और सृजनात्मकता को निखारते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में देशप्रेम की भावना को भी मजबूत करते हैं। आचार्यगणों ने बताया कि यह गतिविधि विद्या भारती मालवा प्रांत के सांस्कृतिक मूल्यों के अनुरूप आयोजित की गई, जो “देशभक्ति, सेवा और संस्कार” की भावना को प्रोत्साहित करती है।
कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों ने “वंदे मातरम्” गीत गाते हुए माँ भारती को प्रणाम किया और अपने हृदय में राष्ट्रप्रेम की ज्योति प्रज्वलित की। पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।