प्रतापगढ़। श्रद्धा और आस्था का प्रमुख पर्व काल भेरू अष्टमी इस वर्ष 12 नवंबर को अत्यंत धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। भक्तों के उत्साह को देखते हुए प्रशासन और आयोजकों ने भी सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से पूरा कर लिया है।
जिला प्रतापगढ़ स्थित दीपेश्वर तालाब मुक्ति धाम दादा भैरव नाथ मंदिर में महोत्सव की तैयारियाँ संपन्न हो चुकी हैं। यहाँ पर हर वर्ष की तरह इस बार भी भक्तों की अपार भीड़ उमड़ने की संभावना है।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे दादा भैरव नाथ के अभिषेक से होगी। इसके पश्चात 11 बजे विशेष हवन का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 2 बजे दादा भैरव नाथ का श्रृंगार एवं चोला चढ़ाया जाएगा। दिनभर विभिन्न धार्मिक आयोजन चलते रहेंगे।
संध्या के समय भजन-कीर्तन का भव्य आयोजन किया जाएगा तथा तत्पश्चात प्रसादी वितरण होगा। पूरा पांडाल भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो जाएगा।
जिले में स्थित दादा मसान वाले भैरव बाबा का मंदिर भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुँचते हैं। श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति हेतु प्रसाद चढ़ाते हैं और दादा भैरव नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।