नीमच। अखिल भारतीय वनवासी मजदूर संघ ने सफाई कर्मचारी विशाल घेंघट के साथ हो रहे अन्याय को लेकर बुधवार दोपहर 3 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर प्रतिनिधि तहसीलदार संतोष कुमार को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि नगरपालिका नीमच के वार्ड क्रमांक 18 में पदस्थ सफाई जनरक्षक विशाल घेंघट को वहां के दरोगा अरुण घेंघट द्वारा न केवल अपने कार्य बल्कि अपने विकलांग माता-पिता के कार्य भी करने के लिए बाध्य किया जा रहा है। जब विशाल ने इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की, तो कार्रवाई करने के बजाय उन्हें कारण बताओ नोटिस थमाकर कार्य से हटा दिया गया और वेतन भी रोका गया।
संघ ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि विशाल घेंघट ने 10 अक्टूबर और 3 नवंबर 2025 को मिले नोटिस का जवाब 6 नवंबर को दे दिया था, परंतु नगरपालिका प्रशासन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। वहीं, संबंधित दरोगा के विरुद्ध भी कोई अनुशासनात्मक कदम नहीं उठाया गया।
संघ ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर न्यायोचित कार्रवाई की जाए तथा विशाल घेंघट को पुनः कार्यस्थल पर पदस्थ कर उनका रोका गया वेतन जारी किया जाए।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जायसवार, सचिव मोहन यादव, संगठन मंत्री विशाल घेंघट, लक्की पठान, लोकेश खरे, सौरभ चौहान, तुषार बैरागी, दीपक ग्वाल, पुरुषोत्तमदास बैरागी, कृष्णा मारू, आदित्य सोनी, योगेश ग्वाला, रणवीर धनगर सहित बड़ी संख्या में संघ के सदस्य उपस्थित रहे।