नीमच। जिले के समीप स्थित जाजू सागर (हरकियाखल) डैम में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। डैम में मछली पकड़ने गए एक युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया और उसे पानी के भीतर खींच लिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी और दहशत फैल गई है।

सूत्रों के अनुसार कुछ स्थानीय लोग डैम में मछली पकड़ने के लिए जाल बिछा रहे थे। इसी दौरान रूपेन्द्र नामक युवक पानी के किनारे पहुंचा और अचानक लापता हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्हें शक है कि युवक पर मगरमच्छ ने हमला किया और उसे पानी के भीतर खींच लिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की टीम को बुलाकर युवक की तलाश शुरू की गई है। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। फिलहाल इस घटना की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन द्वारा की जानी बाकी है, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों में मगरमच्छ की मौजूदगी को लेकर भय और चिंता का माहौल है।
