चित्तौड़गढ़। वंडर सीमेंट के पाटनी पब्लिक स्कूल, निम्बाहेड़ा में बाल दिवस उत्साह और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नवनिर्मित मनोरंजन पार्क “हैप्पी पैच” का उद्घाटन वंडर सीमेंट निम्बाहेड़ा के यूनिट हेड एवं स्कूल मैनेजर नितिन जैन के मुख्य आतिथ्य तथा वंडर यूफोरिया क्लब की अध्यक्षा अरुणा जैन के विशिष्ट आतिथ्य में किया गया।
मुख्य अतिथि नितिन जैन ने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आउटडोर खेलकूद बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि छोटी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए अलग से सुरक्षित एवं विस्तृत खेल मैदान की व्यवस्था की गई है, जहां बच्चे खुले वातावरण में अधिक सक्रिय होकर आत्मविश्वास विकसित कर सकेंगे।
बाल दिवस पर विद्यालय में विविध सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी, संगीत, नृत्य, भाषण व संकल्प पाठ जैसी प्रस्तुतियाँ प्रमुख रहीं। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ सभी कार्यक्रमों में भाग लिया। अतिथियों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की।
ऊर्जा और उमंग से भरी प्रस्तुतियों के साथ बाल दिवस समारोह अत्यंत उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।