नीमच। उज्जैन रेंज के एडीजी उमेश जोगा सोमवार को नीमच दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में विभागीय समीक्षा बैठक ली। जिला मुख्यालय पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल और एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
बैठक में एडीजी जोगा ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों तथा विशेष अभियानों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने 2024 की तुलना में 2025 में पुलिस द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
मीडिया से चर्चा में एडीजी ने बताया कि पुलिस द्वारा चलाए जा रहे लगातार अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में सफलता मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2026 में पुलिस विभाग कुछ नए नवाचार और तकनीकी सुधार लागू करेगा, जिससे अपराध रोकथाम तथा त्वरित कार्रवाई की क्षमता और अधिक मजबूत होगी।
एडीजी उमेश जोगा ने अफीम तस्करी से जुड़े मामलों पर भी चर्चा की। वहीं, नीमच जिले में विरोध प्रदर्शनों के दौरान होने वाले बार-बार के चक्का जाम पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का उन्होंने विस्तार से जवाब दिया।
दौरे के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और जनता से जुड़ाव बढ़ाने के निर्देश भी दिए।