चित्तौड़गढ़। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि अर्बन कोऑपरेटिव बैंकों को मजबूत बनाने के लिए कोर बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, क्लाउड सेवाएं और नियामकीय अनुपालन जैसी आधुनिक सुविधाएं एकीकृत प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे अर्बन बैंकों को कम तकनीकी लागत में बेहतर और प्रतिस्पर्धात्मक सेवाएं प्रदान करने में मदद मिलेगी।
नैशनल अर्बन कोऑपरेटिव फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा बीकेसी इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित “सहकार नव क्रांति” कार्यक्रम में देशभर के अर्बन कोऑपरेटिव बैंकों के चेयरमैन एवं फेडरेशन प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने यह बात कही।
उन्होंने अर्बन बैंक चेयरमैनों से आह्वान किया कि वे “सहकार से समृद्धि” के लक्ष्य को साकार करने के लिए समाज के मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं तथा उन्हें आवश्यक वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराएं।
कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष डॉ. आई.एम. सेठिया ने राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए सहभागिता की। इस अवसर पर राजस्थान के अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल एवं कृष्णपाल गुर्जर, महाराष्ट्र के सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल, विपणन मंत्री जयकुमार रावल, सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार एवं निगम अध्यक्ष ज्योतिंद्र मेहता सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह एवं अन्य अतिथियों ने निगम के नवीन कार्यालय तथा विभिन्न नई योजनाओं का शुभारंभ भी किया।