मंदसौर। जिले के डोराना गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय किसान की कुएं में डूबने से मौत हो गई। किसान रोज की तरह खेत पर गया था, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खेत के पास कुएं के समीप मिले एक सफेद डिब्बे से परिजनों को उसके कुएं में गिरने की आशंका हुई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से तलाश शुरू की गई और देर रात किसान का शव कुएं से बाहर निकाला गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डोराना निवासी बाबूलाल पिता मोहनलाल शनिवार को रोजाना की तरह अपने खेत पर काम करने गया था। परिजनों के अनुसार वह आमतौर पर दोपहर बाद 3 से 4 बजे तक घर लौट आता था, लेकिन शनिवार को देर शाम तक घर नहीं पहुंचा। इस पर भाई बद्रीलाल और भतीजे बबलू सहित परिवार के अन्य लोगों ने गांव और आसपास के खेतों में उसकी तलाश शुरू की।
कुएं के पास मिला सफेद डिब्बा, जताई गिरने की आशंका-
तलाश के दौरान परिजन खेत के पास स्थित कुएं तक पहुंचे, जहां उन्हें एक सफेद डिब्बा पड़ा मिला। परिजनों को आशंका हुई कि बाबूलाल पानी पीने के लिए कुएं के पास आया होगा और इसी दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया होगा। इसके बाद ग्रामीणों ने कुएं में तलाश शुरू की।
ग्रामीणों ने उपकरणों की मदद से काफी देर तक कुएं में खोजबीन की, जिसके बाद बाबूलाल के कुएं में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने मिलकर रेस्क्यू शुरू किया।
रात 11 बजे निकाला बाहर, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित-
कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 11 बजे बाबूलाल को कुएं से बाहर निकाला गया। परिजन उसे तत्काल ट्रैक्टर-ट्रॉली से जिला अस्पताल मंदसौर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
हादसे से परिवार में पसरा मातम-
बाबूलाल की मौत की खबर से परिवार में शोक की लहर फैल गई। परिजनों ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह खेत पर गया था और उसके समय पर घर नहीं लौटने पर तलाश शुरू की गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।