चित्तौड़गढ़। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर–2026) कार्यक्रम में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की जा रही है। अब तक लगभग 75 प्रतिशत मतदाताओं के गणना पत्र ऑनलाइन अपलोड किए जा चुके हैं, जबकि शेष 25 प्रतिशत कार्य को पूरा करने के लिए 10 दिन शेष हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र मतदाताओं से अपील की है कि अंतिम तिथि 4 दिसंबर का इंतजार किए बिना अपने गणना पत्र बीएलओ को उपलब्ध कराएं।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआईआर कार्यक्रम की प्रगति की मॉनिटरिंग के लिए अधिकारी लगातार फील्ड में निरीक्षण कर रहे हैं। रविवार को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के कम प्रगति वाले 25–25 बूथों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को गणना पत्रों के डिजिटल अपलोड में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
बीएलओ की कार्य प्रगति में सुधार-
सोमवार शाम तक 100 प्रतिशत कार्य पूरा करने वाले बीएलओ की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। इनमें निम्बाहेड़ा – 14 चित्तौड़गढ़ – 11 कपासन – 8 बेगूं – 5 बड़ीसादड़ी – 1 शामिल हैं। इसी तरह 90 प्रतिशत से अधिक कार्य करने वाले 179 बीएलओ में निम्बाहेड़ा के 68, बेगूं के 35, चित्तौड़गढ़ के 32, बड़ीसादड़ी के 23 और कपासन के 21 बीएलओ शामिल हैं।
दोहरी प्रविष्टि पर एक वर्ष तक की सजा-
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता का नाम दो स्थानों पर दर्ज होना कानूनन अपराध है, जिसके लिए एक वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। आयोग द्वारा विकसित डिजिटल प्रणाली के कारण दोहरी प्रविष्टि तुरंत पकड़ में आ जाती है।
अधिकारी ने आग्रह किया कि मतदाता जिस स्थान से मतदान करना चाहते हैं, उसी स्थान का गणना पत्र भरें। यदि कोई मतदाता अपने पुश्तैनी गाँव में मतदान करना चाहता है, तो वहीं से गणना पत्र भरे। यदि शहर में पंजीकरण कर मतदान करना चाहता है, तो शहर का ही गणना पत्र भरना सुनिश्चित करे।