सोनकच्छ। शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 में आज सुबह गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया। कक्षा चौथी के क्लासरूम में रखी गई एसिड की दो बोतलें अचानक फूट गईं। घटना के समय प्राचार्य स्वयं बच्चों को पढ़ा रही थीं। एसिड की छींटें तीसरी और चौथी कक्षा में अध्ययनरत दो छात्राओं पर गिर गईं, जिससे वे घायल हो गईं।
घटना के बाद तत्काल दोनों छात्राओं को सोनकच्छ सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवास जिला अस्पताल रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि छात्राओं की आंखों और चेहरे पर जलन और चोट आई है।
घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावक बड़ी संख्या में स्कूल पहुंच गए और प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध जताया।
अभिभावकों ने कहा-
“हम अपने बच्चों को पढ़ने के लिए भेजते हैं, न कि खतरे में डालने के लिए। आखिर क्लासरूम में एसिड की बोतलें क्यों रखी गईं? अगर बच्चों की आंखों को कुछ हो जाता तो जिम्मेदार कौन होता? हम दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं।”
इस घटना के बाद विद्यालय में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही विभाग के वरिष्ठ अधिकारी स्कूल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एसिड की बोतलें क्लासरूम में क्यों रखी गई थीं।