मुरैना। जिले में हाईवे और कई ग्रामीण मार्गों पर बाइक सवार युवाओं द्वारा खतरनाक स्टंट किए जाने की घटनाएँ लगातार बढ़ती जा रही हैं। मोटरसाइकिलों पर खड़े होकर, हैंडल छोड़कर, एक पहिए पर चलते हुए ये युवक खुलेआम स्टंट कर रहे हैं। अपनी जान से खिलवाड़ करने के साथ-साथ ये दूसरों की जान को भी खतरे में डाल रहे हैं, लेकिन इस ओर पुलिस और यातायात विभाग बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रहा है।
हाईवे पर तेज रफ्तार में चल रही गाड़ियों के बीच अचानक स्टंट करते हुए युवक कई बार संतुलन खोते-खोते बचे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
इसके साथ ही मुरैना और आसपास के नेशनल हाईवे पर बस, ऑटो और अन्य वाहन चालक भी सड़क के बीचों-बीच खड़े होकर यात्रियों को बैठाने-उतारने का काम करते हैं, जिससे हाईवे पर अचानक ब्रेक लगाने की नौबत आ जाती है। यह लापरवाही न केवल चालकों की बल्कि पूरे मार्ग के यात्रियों की जान को खतरे में डालती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस बिना हेलमेट वालों पर तो तुरंत कार्रवाई कर देती है, लेकिन हाईवे पर स्टंट करने वाले युवाओं और स्टैंडबाजी करने वाले चालकों पर किसी भी तरह की सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही। कई बार पुलिस की मौजूदगी में भी ये युवक बिना डर-भय के स्टंट करते दिखाई देते हैं।
लोगों की माँग
हाईवे पर स्टंट और स्टैंडबाजी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए।
पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाई जाए।
हादसों को रोकने के लिए सख्त नियम लागू किए जाएँ
अब सवाल यह है कि मुरैना पुलिस इस बढ़ती अव्यवस्था और खतरे पर कब सख्त कदम उठाएगी, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले हालात को काबू में किया जा सके।