नीमच। उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उमेश जोगा दो दिवसीय प्रवास पर 24 नवंबर को नीमच पहुंचे। नियंत्रण कक्ष स्थित सभाकक्ष में उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया, सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी मौजूद रहे। एडीजी ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
एडीजी उमेश जोगा ने जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित अपराध, चालान, मर्ग और विशेष रूप से वाहनों से संबंधित माल का शीघ्र व अधिकतम निराकरण किया जाए। उन्होंने धोखाधड़ी से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए फरार आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। महिला एवं बालिका अपराधों पर विशेष निगरानी रखने और सभी गुमशुदा बच्चों की 100 प्रतिशत दस्तयाबी के निर्देश भी दिए। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, महिला सुरक्षा व जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने तथा मादक पदार्थ तस्करों पर निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर आवश्यक सुधार कार्य कराने, हिट-एंड-रन मामलों में पीड़ितों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए प्रकरणों का सतत फॉलो-अप करने और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए आदतन अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्थायी और फरारी वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली, आदतन अपराधियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बाउंडओवर की कार्रवाइयों को प्रभावी बनाने तथा बाउंड का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने को भी कहा।
अपने दौरे के दूसरे दिन, 25 नवंबर को एडीजी जोगा ने जावद अनुभाग की नयागांव और सरवानिया महाराज चौकियों के साथ-साथ नीमच अनुभाग के हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जप्त वाहनों के निराकरण, लंबित अपराधों की स्थिति, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था और साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल सहित जिले के कई अधिकारी उपस्थित रहे।