बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट में बीएलओ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता 50 वर्षीय अनिता नागेश्वर का उपचार के दौरान निधन से हड़कंप मच गया। तहसीलदार लालबर्रा के अलावा महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी और सहयोगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मृतिका के निवास पहुंचे। मृतिका के पति और पुत्री ने एसआईआर कार्य का लोड होने से तनाव के कारण बीमार होने का आरोप लगाया है।
दरअसल अनीता नागेश्वर का उपचार के दौरान मौत हो गई। बीते 13 नवम्बर से उनका महाराष्ट्र के गोंदिया में उपचार चल रहा था। अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर रात में उसे नागपुर ले जाया जा रहा था लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। जिला प्रशासन के जनसंपर्क कार्यालय ने बताया कि टायफाइड और पीलिया के कारण मौत हुई है। बताया गया कि बालाघाट विधानसभा क्षेत्र-111 के अंतर्गत मतदान केन्द्र क्रमांक -10 ग्राम बोट्टा की बीएलओ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनिता नागेश्वर का बीमारी के चलते निधन हो गया है।