देवास। थाना बीएनपी पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एचपी गैस गोदाम दुर्गापुरा से चोरी किए गए 26 भरे गैस सिलेंडर एवं घटना में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मश्रुका की कुल कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवास के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं उप पुलिस अधीक्षक एल/आर संजय शर्मा के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने हेतु की गई।
थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि फरियादी लखन परमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दुर्गापुरा स्थित उनके एचपी गैस गोदाम का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश 26 गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए। रिपोर्ट के आधार पर थाना बीएनपी में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे में आरोपी नयन गुर्जर निवासी उज्जैन (हाल मुकाम तुलजा विहार कॉलोनी) एवं दीपक निवासी शाजापुर (हाल मुकाम आवास नगर, देवास) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सभी 26 भरे गैस सिलेंडर एवं स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस द्वारा मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
उक्त सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी अमित सोलंकी उपनिरीक्षक गौरी शंकर यादव, उपनिरीक्षक गोपाल चौधरी, सउनि हितेन्द्र चन्द्रवंशी, सउनि राजेश जाधव, रशीद खान, संदीप यादव,दिपेन्द्र शर्मा, व सैनिक साबीर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।