रतलाम। मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं होमगार्ड मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के तहत कलेक्टर अजय कटेसरिया के मार्गदर्शन में एसडीईआरएफ एवं होमगार्ड विभाग द्वारा होमगार्ड लाइन, रतलाम में सात दिवसीय आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अपर कलेक्टर बृजेन्द्र कुमार रावत एवं डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड/एसडीआरएफ रोशनी बिलवाल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट रोशनी बिलवाल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी सात दिनों में जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए प्रशिक्षणार्थियों को आपदा के दौरान उपयोगी रेस्क्यू तकनीक, प्राथमिक उपचार तथा आगजनी की घटनाओं में उपयोग होने वाले उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षित आपदा मित्रों की सेवाएं भविष्य में स्थानीय स्तर पर आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों में ली जाएंगी।
मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर बृजेन्द्र कुमार रावत ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा के समय बिना किसी स्वार्थ के संकट में फंसे लोगों की सहायता करना मानवता का सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से आपदा के समय तत्परता एवं सेवाभाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को आपदा मित्र किट भी वितरित की।
कार्यक्रम के समापन पर होमगार्ड अधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। कार्यक्रम में होमगार्ड कंपनी कमांडर बद्री मंडलोई, प्लाटून कमांडर ज्योति बघेल सहित होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के जवान उपस्थित रहे।
जिले में कुल 500 आपदा मित्रों को प्रशिक्षण दिया जाना है। प्रथम चरण में 100 आपदा मित्रों के प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया है। आगामी दिनों में ऐसे चार अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन सैनिक तुषार भट्ट ने किया।