नीमच। पढ़ाई पर लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद रोजगार नहीं मिलना, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक तथा युवाओं के डेटा के कथित व्यावसायिक इस्तेमाल जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर हमला तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को नीमच के गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय पर प्रयागराज में आयोजित राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में युवा कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह मन्नू बना ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के माध्यम से राहुल गांधी देशभर के युवाओं और ळमदर्- से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार आज युवाओं के सामने बड़ी चुनौतियां हैं और इन्हीं मुद्दों पर कार्यक्रम के माध्यम से चर्चा की जा रही है।
शिक्षा और रोजगार के संकट पर उठाए सवाल-
प्रयागराज में संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने देश के करीब 40 करोड़ युवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि 21वीं सदी के निर्माण में युवा शक्ति और डेटा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि डेटा के आधार पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकों का विकास संभव है, लेकिन मौजूदा व्यवस्था ने युवाओं को एक तरह के ‘चक्रव्यूह’ में फंसा दिया है।
राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि युवा मेहनत कर पढ़ाई पूरी करता है और परिवार की ओर से शिक्षा पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन पढ़ाई पूरी करने के बाद भी रोजगार की गारंटी नहीं मिलती। उन्होंने 1000 युवाओं में केवल 12 युवाओं को नौकरी मिलने का दावा भी किया।
उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्षों तक मेहनत कर परीक्षा की तैयारी करने वाले युवाओं की उम्मीदों पर पेपर लीक पानी फेर देता है। साथ ही उन्होंने युवाओं के डेटा के कथित इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद कांग्रेस पदाधिकारियों एवं युवाओं ने राहुल गांधी के संबोधन को सुना और शिक्षा, रोजगार तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।