गांधीसागर। भानपुरा तहसील के ग्राम गांधीसागर स्थित श्री संस्कार पब्लिक स्कूल में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, शाखा गांधीसागर के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्माकुमारी धनेश्वरी दीदी एवं ब्रह्माकुमारी प्रीति दीदी ने मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर पूजन-अर्चन व माल्यार्पण कर किया। इसके बाद ब्रह्माकुमारी धनेश्वरी दीदी ने ईश्वरीय विश्वविद्यालय की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी दीदी ने नशे के दुष्परिणाम, नशे से दूरी की आवश्यकता एवं नशामुक्त जीवन के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने का आह्वान किया।
विद्यालय संचालक दुर्गेश मीणा ने “नशा मानव जीवन का नाश है” विषय पर विचार व्यक्त करते हुए नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को वर्तमान परिवेश में सतर्क एवं अनुशासित रहकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के बाद विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षिका रंजना कांटे, मंजू सिंह, वर्षा रेठुदीया, प्रमिला मालवीय, सिमरन सुमन, श्वेता व्यास, संगीता, शिवानी बिसेन एवं चाहत भाट सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय संचालक दुर्गेश मीणा ने किया।