नीमच। जिले के थाना जावद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुवाखेड़ा में जमीन विवाद के चलते एक व्यक्ति द्वारा मोबाइल टावर पर चढ़ जाने की घटना सामने आई। मामले की सूचना 17 दिसंबर 2025 को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम, भोपाल को प्राप्त हुई, जिसके बाद डायल-112 की टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
सूचना मिलते ही डायल-112 वाहन में तैनात आरक्षक हिमांशु परमार एवं पायलट विनोद शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा एवं अन्य पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। पुलिस टीम ने टावर पर चढ़े व्यक्ति से संवाद स्थापित कर उसे काफी देर तक समझाइश दी।
पुलिस की सूझबूझ, संवेदनशीलता और सतत प्रयासों के चलते व्यक्ति को सुरक्षित रूप से टावर से नीचे उतार लिया गया। समय पर की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
इस मानवीय और सराहनीय पहल के लिए ग्रामीणों एवं पीड़ित व्यक्ति के परिजनों ने पुलिस स्टाफ और डायल-112 सेवा का आभार व्यक्त किया।