नीमच। केंद्रीयकृत वेतन प्रोसेसिंग सुविधा के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार बुधवार को जिला पंचायत नीमच में जिले के समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) एवं लेखाकर्मियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण सत्र में वरिष्ठ कोषालय अधिकारी बी.एम. सुरावत, सहायक कोषालय अधिकारी राजू मेहर तथा सहायक ग्रेड-2 मुजम्मील खान द्वारा अधिकारियों को विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान बताया गया कि आयुक्त कोष एवं लेखा, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार केंद्रीयकृत वेतन प्रोसेसिंग व्यवस्था वर्ष 2025 के वेतन हेतु (भुगतान माह जनवरी 2026 में) प्रारंभ की जा रही है।
प्रक्रिया का पालन अनिवार्य-
प्रशिक्षण में सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को केंद्रीयकृत वेतन प्रोसेसिंग की निर्धारित प्रक्रिया का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि प्रत्येक माह 25 तारीख से 5 तारीख के बीच वेतन देयक के अतिरिक्त केवल आवश्यक देयक ही प्रस्तुत किए जाएं।
ईएसएस व बैंक विवरण अपडेट करने के निर्देश-
अधिकारियों को रेगुलर एवं नॉन-रेगुलर कर्मचारियों की ईएसएस प्रोफाइल अनिवार्य रूप से पूर्ण करने, कर्मचारियों के बैंक खातों की जानकारी आईएफएमआईएस में आधार से लिंक करने तथा ईएसएस हायरार्की में सभी कर्मचारियों का परिवार विवरण, नामांकन (नॉमिनेशन) एवं परिवार के नॉमिनी के बैंक खाते की प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशिक्षण में उपस्थित अधिकारियों ने नई व्यवस्था को समय पर लागू करने हेतु आवश्यक तैयारी करने का आश्वासन दिया।