नीमच। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की समय पर सहायता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शासन द्वारा संचालित राह-वीर योजना के अंतर्गत गोल्डन ऑवर में घायल को अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25,000 रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशानुसार राह-वीर योजना के तहत पात्र प्रकरण तैयार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना नीमच सिटी प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान द्वारा एक प्रकरण तैयार कर यातायात थाना प्रभारी सोनू बड़गूजर के माध्यम से जिला कलेक्टर कार्यालय नीमच भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को राह-वीर वीरेंद्र पाटीदार, पिता प्रभुलाल पाटीदार, निवासी मालखेड़ा द्वारा गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाकर त्वरित सहायता की गई। उक्त मानवीय कार्य के लिए उन्हें राह-वीर योजना के अंतर्गत 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दिए जाने हेतु प्रस्ताव भेजा गया है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी सड़क दुर्घटना होती दिखाई दे, तो घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में सहयोग करें। राह-वीर योजना के अंतर्गत सहायता करने वाले व्यक्ति से न तो कोई बयान लिया जाता है और न ही न्यायालय में गवाही के लिए बुलाया जाता है।
यह योजना सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर उपचार दिलाने और समाज में मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।