नीमच। नगर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने बुधवार 17 दिसंबर को प्रातः राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम, घंटाघर क्षेत्र एवं सब्जी मंडी का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बामनिया ने सब्जी मंडी में टूटी-फूटी गुमटियों, ठेलों एवं अनुपयोगी सामग्री रखकर किए गए अतिक्रमण को जेसीबी एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से हटवाकर पुरानी नगर पालिका भिजवाया। उन्होंने संबंधित स्वच्छता पर्यवेक्षकों को सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए तथा सब्जी व्यवसायियों को पॉलीथिन के स्थान पर कपड़े की थैलियों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
सीएमओ ने राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम का निरीक्षण करते हुए स्टेडियम के अंदर एवं पीछे निराश्रित पशुओं की मौजूदगी पर नाराजगी जताई और पशुपालकों को भविष्य में पशु न छोड़ने की सख्त हिदायत दी। साथ ही स्टेडियम परिसर में नियमित एवं पर्याप्त साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात वे घंटाघर क्षेत्र पहुंचीं, जहां उन्होंने घंटाघर के अंदर व बाहर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए। सब्जी मंडी में निरीक्षण के दौरान कपड़े की थैली वाली मशीन एवं सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया गया तथा बंद पड़ी मशीन को तत्काल चालू करने के निर्देश दिए गए।
सब्जी मंडी परिसर में गंदगी पाए जाने पर स्वच्छता पर्यवेक्षकों को कड़ी हिदायत दी गई। साथ ही फल एवं सब्जी विक्रेताओं को ठेले कतारबद्ध और व्यवस्थित तरीके से लगाने तथा पॉलीथिन का उपयोग पूर्णतः बंद कर कपड़े की थैलियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश टांक, स्वच्छता निरीक्षक अविनाश घेघट एवं गोपाल नरवाले उपस्थित रहे। वहीं सब्जी मंडी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सहायक राजस्व निरीक्षक हेमंत कलोसिया, योगेश टांकवाल एवं राकेश पथरोड़ की देखरेख में संपन्न हुई।