मुरैना। परिवहन आयुक्त, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार मुरैना जिले में स्कूल वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया गया। बुधवार को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अर्चना परिहार ने मुरैना-धौलपुर मार्ग, मुरैना-ग्वालियर मार्ग, वीआईपी रोड सहित विभिन्न स्थानों पर संचालित स्कूलों में पहुंचकर स्कूल परिसरों में खड़े वाहनों का भौतिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वाहनों के फिटनेस, परमिट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। इसके साथ ही शहरी सीमा क्षेत्र में धौलपुर रोड एवं ए.बी. रोड स्थित छौंदा टोल प्लाजा के पास स्कूल वाहनों की चेकिंग की गई। जांच के दौरान ओवरलोडिंग, बीमा, फिटनेस, परमिट, एसएलडी तथा वीएलटीडी जैसे अनिवार्य उपकरणों की भी पड़ताल की गई।
अभियान के दौरान 65 से अधिक वाहनों सहित 8 स्कूल वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 69,900 रुपये का राजस्व वसूल किया गया। वहीं, बिना वैध दस्तावेज मोटरयान नियमों के विरुद्ध संचालित पाए जाने पर 1 स्कूल बस एवं 1 मैजिक वाहन को जप्त कर यातायात पुलिस थाने में सुरक्षार्थ रखा गया। जप्त किए गए इन दोनों स्कूल वाहनों से लगभग 65,000 रुपये का अतिरिक्त राजस्व वसूले जाने की संभावना है।
इस कार्रवाई में मुख्य रूप से अर्चना परिहारआरटीओ औरपरिवहन प्रधान आरक्षक अभिषेक सहित नगर सैनिक एवं परिवहन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे। परिवहन विभाग द्वारा वाहनों की जांच का अभियान निरंतर जारी है।
परिवहन विभाग ने जिले के समस्त स्कूल वाहन चालकों एवं संचालकों को निर्देशित किया है कि वे अपने वाहनों का संचालन केवल वैध एवं पूर्ण दस्तावेजों के साथ ही सुनिश्चित करें, ताकि जांच के दौरान किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।