नीमच। महिला स्वयं सहायता समूह संघ, जिला नीमच के प्रतिनिधिमंडल ने महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं नीमच जिला प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया के सर्किट हाउस आगमन पर उनका स्वागत किया और आंगनवाड़ी रसोइयों की समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में बताया कि आंगनवाड़ी में कार्यरत महिला रसोइयों का वर्तमान मानदेय मात्र 500 मासिक है, जो अत्यंत कम है। उन्होंने मांग की कि मानदेय बढ़ाया जाए। साथ ही, आंगनवाड़ी में दर्ज छात्रों के अनुसार खाद्य सामग्री और मध्यान भोजन की राशि समय पर जारी की जाए, ताकि बच्चों को पर्याप्त और पोषक आहार मिल सके।
महिला समूह संगठन की जिला सचिव आशा शर्मा ने मंत्री को अवगत कराया कि मध्यान भोजन की पिछले तीन माह की बकाया राशि एवं रसोइयों का मानदेय समय पर नहीं मिलने से स्वयं सहायता समूह कर्ज में डूबते जा रहे हैं और किराना सामग्री खरीदने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने महंगाई को देखते हुए भोजन पकाने की लागत राशि बढ़ाने का भी आग्रह किया।
माननीय प्रभारी मंत्री भूरिया ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए निर्देश देने का आश्वासन दिया। इस संबंध में जानकारी महिला स्वयं सहायता समूह संगठन की जिला प्रवक्ता मैना ओझा ने दी।