देवास। ऑपरेशन प्रहार के तहत देवास पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। कन्नौद थाना पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में करीब 55 ग्राम एमडी ड्रग्स, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख रुपये है, बरामद की गई है। कार्रवाई दो थानों की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पूरे मामले का पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत ने प्रेस वार्ता कर खुलासा किया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि देवास जिले के ग्रामीण क्षेत्र में ड्रग्स की बड़ी खेप लेकर तस्कर आने वाले हैं। पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत के निर्देश पर टीम गठित की गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौम्या जैन, एसडीओपी आदित्य तिवारी एवं थाना प्रभारी कन्नौद तहजीब काजी के नेतृत्व में नाकेबंदी की गई।
मुखबिर की सूचना पर मोटरसाइकिल से आ रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 55 ग्राम एमडी ड्रग्स, मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिल जप्त की गई। आरोपी नारायण सिंह पिता भोमर सिंह, निवासी आगरी, सुवासरा, एमडी ड्रग्स से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर उसे ओर उसके साथ नाबालिग बालक गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के विरुद्ध थाना कन्नौद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मध्यप्रदेशदृराजस्थान सीमा से लगे जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में पेडलरों के माध्यम से एमडी ड्रग्स की सप्लाई करता था। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है, वहीं गिरोह के अन्य सदस्यों एवं ड्रग्स नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी है।
नशा युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है। जरूरी है कि युवा सचेत होकर नशे से दूर रहें और नशा मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। देवास पुलिस की यह कार्रवाई नशे के कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश है।
देवास से ब्यूरो चीफ अभिषेक सोनी की रिपोर्ट