नीमच। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं नीमच जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय नीमच में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मध्य प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के दो वर्ष विकास और सेवा को समर्पित रहे हैं। सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग के हित में कार्य किए हैं और हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। अपने विभाग की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि देश में पहली बार 19 हजार से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की ऑनलाइन नियुक्ति की गई है।
प्रभारी मंत्री ने नीमच जिले में हुए विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने पुलिया एवं सड़क निर्माण, ओवरब्रिज, मेडिकल कॉलेज की स्थापना, शासकीय चिकित्सालय के उन्नयन सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की जानकारी दी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों ने जिले से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर प्रभारी मंत्री से तीखे सवाल पूछे। इनमें किसानों को उपज के कम भाव मिलने, बंगला बगीचा समस्या, दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, भूमि अतिक्रमण, कम राइस स्कूल, एनडीपीएस मामलों, नीमच के बाग-बगीचों के उजड़ने, जिला अस्पताल में अव्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे जनहित से जुड़े मुद्दे शामिल रहे।
इन सवालों के जवाब में प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि सभी विषय उनके संज्ञान में हैं और संबंधित मामलों में उचित कार्रवाई की जाएगी।