नीमच। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा नीमच जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक एवं प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर जिले में हुए विकास कार्यों, योजनाओं की प्रगति एवं उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान प्रभारी मंत्री एवं अतिथियों द्वारा “विकास और सेवा के दो वर्ष” विषय पर आधारित पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, जनपद अध्यक्ष शारदा बाई धनगर, जिला भाजपा अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बी.एस. कलेश सहित जिला अधिकारी, समिति सदस्य एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
विकास के हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति-
प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि बीते दो वर्षों में नीमच जिले में धार्मिक, पर्यटन, औद्योगिक, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगरीय एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं। जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से नीमच जिला निरंतर प्रगति की राह पर अग्रसर है और आने वाले समय में इसे विकास के नए शिखर पर पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि नीमच जिला अब सौर ऊर्जा के हब के रूप में प्रदेश व देश में पहचान बना रहा है। सिंगोली तहसील के बड़ी कवई गांव में स्थापित 300 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र से बिजली उत्पादन प्रारंभ हो चुका है।
मेडिकल कॉलेज और औद्योगिक निवेश बड़ी उपलब्धि-
प्रभारी मंत्री ने बताया कि नीमच को 350 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज भवन की सौगात मिली है, जहां एमबीबीएस की 100 सीटों पर पढ़ाई शुरू हो चुकी है। वर्तमान में दो सत्रों में 200 छात्र मेडिकल शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उद्योग क्षेत्र में जिले में 150 नए एमएसएमई उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनमें 118 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है और 1096 लोगों को रोजगार मिला है। साथ ही एमपीआईडीसी के माध्यम से 11 वृहद औद्योगिक इकाइयों की स्थापना प्रस्तावित है, जिनमें 5269 करोड़ रुपये का निवेश और 4935 रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
सड़कों और अधोसंरचना का विस्तार
जिले में पक्की सड़कों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया गया है। नीमच में 133 करोड़ रुपये की लागत से भाटखेड़ादृनीमचदृडूंगलावदा तक फोरलेन सीसी सड़क का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। बघाना, हिंगोरिया ओवरब्रिज सहित अन्य परियोजनाएं भी प्रगति पर हैं।
विधायकों ने गिनाईं क्षेत्रीय उपलब्धियां-
जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने बताया कि जावद क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा में ऐतिहासिक पहल हुई है, जहां 1400 विद्यार्थी एआई की पढ़ाई कर रहे हैं। जावद का सीएम राइज स्कूल आईएसओ प्रमाणित हो चुका है। मनासा विधायक अनिरुद्ध मारू ने मनासा में 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल प्रारंभ होने तथा गांधीसागर से मनासा-जावद-नीमच तक उद्वहन सिंचाई योजना के कार्य शुरू होने की जानकारी दी। नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने बताया कि मेडिकल कॉलेज भवन पूर्ण हो चुका है, नवीन मंडी चंगेरा एवं पायलट सेंटर प्रारंभ हो गए हैं तथा कई नई सड़क परियोजनाएं शीघ्र शुरू होंगी।
प्रेस वार्ता के प्रमुख बिंदु-
नीमच जिला बना सौर ऊर्जा का हब
बड़ी कवई में 300 मेगावाट सौर संयंत्र से बिजली उत्पादन
350 करोड़ लागत का मेडिकल कॉलेज भवन
एमबीबीएस की 100 सीटों पर पढ़ाई प्रारंभ
150 एमएसएमई उद्योग, 118 करोड़ निवेश, 1096 रोजगार
11 वृहद औद्योगिक इकाइयों में 5269 करोड़ निवेश प्रस्तावित
जावद में एआई शिक्षा का नवाचार, 1400 विद्यार्थी लाभान्वित
मनासा में 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल शुरू