रतलाम। धराड़ में जमीन विवाद में एक किसान ने कीटनाशक पी लिया। पिता को बचाने में बेटा भी कीटनाशक की चपेट में आ गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। किसान का नाम दुर्गा प्रसाद (50) पिता हेमराज माहर है।
किसान की पुस्तैनी माता पिता के नाम की जमीन है, जिस पर वह खेती करता है। गुरुवार दोपहर आरआई ज्योति सोनी, पटवारी ध्रुवलाल निनामा पुलिस के साथ जमीन पर पहुंचे। गड्ढे खुदवाकर तार फेंसिंग करने लगे।
किसान दुर्गा प्रसाद ने आकर इसका विरोध करते हुए कहा कि यह मेरी पुस्तैनी जमीन है लेकिन किसी ने नहीं सुना। तब किसान ने कीटनाशक पी लिया। इस दौरान किसान के छोटे बेटे रवि ने पिता को कीटनाशक पीते देख बचाने की कोशिश की।
तभी कीटनाशक भी उसके मुंह पर भी आ गया, जिससे वह भी घायल हो गया। पड़ोसी व अन्य परिजनों ने देख दोनों को तुरंत जिला अस्पताल लाकर भर्ती किया है।
किसान आईसीयू में भर्ती
किसान दुर्गाप्रसाद को आईसीयू में भर्ती कराया है। किसान दुर्गा प्रसाद ने रोते हुए बताया कि मेरी सालों से पुस्तैनी जमीन है। आज दोपहर आरआई, पटवारी पुलिस के साथ आए। मेरी खड़ी फसल की जमीन पर कब्जा करने लगे। मना किया तो भी नहीं माने। मेरी आजीविका का साधन वही जमीन है। इस कारण मैने पॉयजन पी लिया। राज श्रीवास्तव नामक व्यक्ति कब्जा कर रहा है।
बेटे रवि ने बताया कि पुस्तैनी जमीन को लेकर विवाद हुआ है। पापा ने कीटनाशक पी लिया। बचाने गया तो में भी उसकी चपेट में आ गया।