मंदसौर। जिले में पर्यावरण संरक्षण, पोषण संवर्धन एवं हरित पहल को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर अदिती गर्ग ने पोषण-वन अंतर्गत शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, मंदसौर परिसर में 25 फलदार पौधों का रोपण किया। यह कार्यक्रम सार्थक संस्था द्वारा डॉ. उर्मिला तोमर के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें कलेक्टर गर्ग मुख्य अतिथि रहीं।
पौधारोपण अवसर पर कलेक्टर गर्ग ने कहा कि औद्योगीकरण एवं शहरीकरण के कारण फलदार वृक्षों में लगातार कमी आ रही है, ऐसे में पोषण-वन जैसी योजनाएं न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि विद्यार्थियों एवं समाज में पोषण और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता भी विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। इस दौरान कलेक्टर गर्ग ने महारानी जयवंता कंवर उद्यान में पौधों पर लगाए गए क्यूआर कोड आधारित नवाचार की सराहना की। उन्होंने स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर तुलसी एवं अमरूद जैसे पौधों की जानकारी प्राप्त की और इसे पर्यावरणीय जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया। विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स द्वारा कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई गई। इस अवसर पर कक्षा 9वीं के छात्र नैतिक ने कलेक्टर गर्ग के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उनका आकर्षक चित्र भेंट किया, वहीं विद्यार्थियों रौनक बड़गुर्जर, लखन प्रजापत एवं हर्षनाथ योगी ने रंगोली के माध्यम से कलेक्टर की आकृति बनाकर अपने सम्मान भाव प्रकट किए। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी टेरेसा मिंज, एडीपीसी लोकेन्द्र डाबी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी आनंद डावर, पोषण-वन योजना की कार्यकारिणी, सार्थक संस्था की टीम, विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।