मनासा। शासकीय हाई स्कूल चूकनी में एक्टिज़न क्लब के अंतर्गत आयोजित पाँचों गतिविधियाँ सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। इन सभी गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साह एवं गहरी रुचि के साथ सहभागिता निभाई।
पाँचवीं गतिविधि के अवसर पर नीमच जिले की एंगेजमेंट ऑफिसर अरज़ू शमा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को यह सिखाया गया कि वे अपनी समस्याओं का समाधान निवेदन पत्र के माध्यम से किस प्रकार संबंधित अधिकारियों तक पहुँचा सकते हैं।
इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने आसपास की समस्याओं की पहचान की। विशेष रूप से गर्मियों में जल संकट के कारण पौधों के सूखने जैसी समस्या पर चर्चा करते हुए, इसके समाधान हेतु ग्राम सरपंच को निवेदन पत्र देने का निर्णय लिया गया।
एक्टिज़न क्लब की स्पोक टीचर जागृति जोशी ने बताया कि इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में सकारात्मक परिवर्तन स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। अब विद्यार्थी अपनी बात खुलकर रखने लगे हैं, सामाजिक मुद्दों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं और प्रश्न पूछने में भी संकोच नहीं कर रहे हैं।
विद्यालय के प्राचार्य पुष्पराज मसीह ने देश अपनाए फाउंडेशन एवं एक्टिज़न क्लब की सराहना करते हुए कहा कि यदि ऐसी गतिविधियाँ निरंतर चलती रहीं तो विद्यार्थियों में व्यवहारिक एवं वैचारिक स्तर पर उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिलेगा।