नीमच। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जीरन थाना पुलिस ने हर्कियाखाल फंटा फोरलेन पर कार्रवाई करते हुए 100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।

पुलिस द्वारा जब्त किए गए डोडाचूरा, एक लग्जरी कार और मोबाइल फोन सहित कुल मशरूका की अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख 14 हजार रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में जीरन थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में की गई।

घटना गुरुवार रात की है, जब जीरन थाना पुलिस हर्कियाखाल सहायता केंद्र के सामने फोरलेन पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मंदसौर की ओर से आ रही गुजरात पासिंग वोक्सवैगन कार (क्रमांक GJ-07-AR-9047) के चालक ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया।

पुलिस ने किया पीछा, चार कट्टों में मिला डोडाचूरा
चालक ने तेज गति से कार को रिवर्स गियर में दौड़ा दिया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर घेराबंदी की और वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से चार प्लास्टिक कट्टों में भरा 100 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया।

पुलिस ने मौके से आरोपी पुखराज पिता तुलचाराम जाट (26 वर्ष), निवासी भटाला, जिला बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है। जबकि उसका साथी पीराराम जाट अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि नशे की यह खेप राजस्थान ले जाई जा रही थी।

जीरन पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह अवैध मादक पदार्थ कहां से लाया गया और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
