बड़वानी। विकास और सेवा के दो वर्ष पूरे होने पर बड़वानी में सरकार की उपलब्धियों को लेकर एक अहम पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने मीडिया के सामने राज्य सरकार के दो साल के कामकाज, योजनाओं और भविष्य की दिशा को रखा।
बड़वानी में गुरुवार को पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विकास और सेवा के दो वर्ष विषय पर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री ने बताया कि वर्ष 2025 को उद्योग और रोजगार वर्ष के रूप में मनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में पहली बार ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट आयोजित हुई, जिसमें 32 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले और 18 नई नीतियों को मंजूरी दी गई। उन्होंने कहा कि धार में देश के पहले पीएम मित्र पार्क का भूमिपूजन किया गया है, जिससे 3 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि प्रदेश को गरीबीमुक्त बनाने के लिए गरीब कल्याण मिशन, महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए देवी अहिल्या नारी सशक्तिकरण मिशन, युवाओं के लिए युवा कल्याण मिशन और किसानों के हित में कई योजनाएं लागू की गई हैं।स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक, मोबाइल मेडिकल यूनिट और आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज दिया जा रहा है। गंभीर मरीजों के लिए पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा भी शुरू की गई है। धार्मिक और सांस्कृतिक विकास की दिशा में राम वनपथ गमन मार्ग का निर्माण और श्रीकृष्ण पथेय न्यास के गठन को भी सरकार की बड़ी पहल बताया गया। साथ ही 19 धार्मिक क्षेत्रों में शराब दुकानों पर प्रतिबंध लगाया गया है प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के “विकसित मध्यप्रदेश” विजन के तहत हर गांव को सड़क, हर घर को बिजली, हर खेत को पानी और हर बच्चे को शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है पत्रकार वार्ता के दौरान जिले से जुड़े मुद्दों पर पत्रकारों ने सुझाव भी रखे। कार्यक्रम में कलेक्टर जयति सिंह और जिला पंचायत सीईओ काजल जावला सहित बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।