नीमच। शीतलहर एवं कड़ाके की ठंड को देखते हुए भारत विकास परिषद सुभाष शाखा द्वारा नर सेवा नारायण सेवा के भाव से कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। परिषद परिवार के सदस्यों के आर्थिक सहयोग से यह सेवा प्रकल्प तीन चरणों में संपन्न किया जाएगा, जिसके अंतर्गत अनाथ, निर्धन एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को निस्वार्थ भाव से कंबल वितरित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रथम चरण में 20 दिसंबर 2025 को महामाया भादवा माता परिसर में रात्रि 7 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के प्रांतीय संरक्षक सुनील जी सिंघल एवं परिषद अध्यक्ष ललित कुमार राठी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
द्वितीय एवं तृतीय चरण के अंतर्गत 21 व 22 दिसंबर को रात्रि 9 बजे के बाद नीमच नगर के विभिन्न क्षेत्रों में खुले में सो रहे जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए जाएंगे। परिषद परिवार के सदस्य जिला चिकित्सालय, रेलवे स्टेशन, चौकन्ना बालाजी, प्राइवेट बस स्टैंड सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर सेवा कार्य करेंगे। उक्त जानकारी भारत विकास परिषद सुभाष शाखा के सचिव मनीष गर्ग ने दी।