नीमच। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में संचालित स्वदेशी संकल्प रथ यात्रा की कड़ी में नीमच में भी भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) एवं स्वदेशी जागरण मंच की स्थानीय इकाई के संयुक्त तत्वावधान में स्वदेशी संकल्प रथ यात्रा के साथ जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भारत माता चौराहा पहुंची, जहां आयोजित सभा में स्थानीय उत्पादों के उपयोग, स्थानीय व्यापार के संरक्षण एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा, श्री संतोष चोपड़ा, श्री बाबूलाल नागदा, श्री ललित अग्रवाल, श्री सुशील गट्टानी सहित कैट एवं स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दर्शन सिंह गांधी ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ केवल नारा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। देश की पूंजी देश में और शहर की पूंजी शहर में ही रहनी चाहिए। स्थानीय उद्योगों एवं स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और भारत आर्थिक रूप से अधिक मजबूत एवं आत्मनिर्भर बनेगा।
इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने “स्वदेशी अपनाओ, देश बचाओ” के उद्घोष के साथ स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि स्वदेशी संकल्प रथ यात्रा के माध्यम से नीमच में आर्थिक स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का सशक्त संदेश दिया गया। रैली का नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।