नीमच। अभियान हर्ष के तहत नीमच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सायबर सेल नीमच ने 26 लाख रुपये से अधिक मूल्य के 160 गुम मोबाइल फोन रिकवर कर उनके वास्तविक धारकों को लौटाए। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित वितरण कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने मोबाइल फोन सौंपे।
एसपी जायसवाल ने बताया कि सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर सायबर सेल व जिले के थानों की त्वरित कार्रवाई से यह सफलता मिली। बरामद मोबाइल 8 हजार से 65 हजार रुपये मूल्य के हैं, जिन्हें मध्यप्रदेश सहित राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तरप्रदेश से ट्रेस किया गया।
उन्होंने बताया कि 1 जनवरी से 19 दिसंबर 2025 तक कुल 360 गुम मोबाइल (कीमत लगभग 71 लाख रुपये) रिकवर कर लौटाए जा चुके हैं। इस अभियान में एएसपी नवलसिंह सिसौदिया के मार्गदर्शन में सायबर सेल टीम का सराहनीय योगदान रहा।
एसपी ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत सीईआईआर पोर्टल या नजदीकी पुलिस थाना/सायबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं।