चित्तौड़गढ़। जे.के. सीमेंट वर्क्स, निम्बाहेड़ा द्वारा भारत सरकार की मिशन लाइफ (लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट) पहल के अंतर्गत राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, ग्राम मुरलिया में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करने हेतु एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल चित्तौड़गढ़ से रवि कुमार मीणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य किरण शर्मा तथा जे.के. सीमेंट से पर्यावरण प्रमुख चंद्रकांत तिवारी, सीएसआर विभाग से राहुल सिंह तथा पर्यावरण विभाग से रवि पाटीदार ने कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान, पौधारोपण कार्यक्रम तथा प्लास्टिक मुक्त परिसर को बढ़ावा देने हेतु विशेष गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों वाले पोस्टर एवं नारों के माध्यम से पूरे गाँव में रैली निकालकर जनजागरूकता फैलाई तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण, जल एवं ऊर्जा की बचत, कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर मिशन लाइफ पर आधारित जागरूकता सत्र, पर्यावरण क्विज प्रतियोगिता, चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता तथा नारा लेखन गतिविधि का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पर्यावरण- अनुकूल उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, कचरे में कमी लाने तथा सिंगल-यूज़ प्लास्टिक से बचने की शपथ दिलाई गई।