नीमच। नीमच के उपनगर बघाना में विकास के मामले लगातार पिछड़े हुए हैं। यहां के रहवासी मूलभूत सुविधाओं की कमी से लंबे समय से परेशान हैं। विशेष रूप से सफाई व्यवस्था की बात करें तो बघाना के नागरिकों का जीवन गंदगी और कचरे के कारण नरक जैसी स्थिति में है।
वार्ड नंबर 37 की स्थिति सबसे चिंताजनक है। यहां नालियां कचरे से भरी पड़ी हैं और सफाई न होने के कारण जाम हो गई हैं। नालियों का पानी घरों में घुस रहा है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा उत्पन्न हो गया है। नालियों और गंदगी की बदबू से लोगों का रहना दुश्वार हो गया है।
स्थानीय नागरिकों ने बार-बार संबंधित जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका अधिकारियों को शिकायतें दर्ज कराई हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वार्डवासियों का कहना है कि सफाई कर्मचारी दो-दो महीने तक वार्ड में नहीं आते और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।
बघाना के लोगों ने कहा कि नगर पालिका के दावे और वास्तविक स्थिति में जमीन-आसमान का अंतर है। वे अब प्रशासन से त्वरित कार्रवाई और नियमित सफाई व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।