बड़वानी। पुलिस लाईन में आज वार्षिक जनरल परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इंदौर ग्रामीण जोन के पुलिस महानिरीक्षक अनुराग ने परेड की सलामी ली और पुलिस बल की कार्यक्षमता, अनुशासन एवं तैयारियों का निरीक्षण किया।
पुलिस महानिरीक्षक इंदौर ग्रामीण जोन अनुराग के जिला बड़वानी के वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस लाईन स्थित परेड ग्राउंड पर जनरल परेड आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक बड़वानी जगदीश डावर की उपस्थिति में आईजी अनुराग ने परेड की सलामी ली और इसके पश्चात परेड का निरीक्षण किया।
परेड के दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट एवं अनुशासन का प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया गया। इसके बाद स्क्वाड ड्रिल, मार्च पास्ट एवं बलवा ड्रिल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। पुलिस बैंड की मधुर धुन पर रक्षित निरीक्षक चेतनसिंह बघेल के नेतृत्व में प्रस्तुत अनुशासित मार्च पास्ट की आईजी द्वारा सराहना की गई।
इसके पश्चात आईजी ग्रामीण जोन इंदौर ने पुलिस लाईन की एमटी शाखा का निरीक्षण कर वाहनों के रख-रखाव एवं साफ-सफाई की जांच की। इसके बाद आयोजित सैनिक सम्मेलन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
सम्मेलन के दौरान हार्टफुलनेस संस्था के प्रशिक्षक अखिलेश पाटीदार द्वारा ध्यान सत्र आयोजित किया गया, जिसमें मानसिक स्वास्थ्य और ध्यान के लाभों की जानकारी दी गई।
इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपराध समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में लंबित अपराधों, स्थायी वारंट, गुमशुदा बालक-बालिकाओं, सीएम हेल्पलाइन, जब्ती माल एवं जमानत निरस्तीकरण जैसे प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। आईजी ने निर्देश दिए कि रात्रिकालीन गश्त के दौरान थाना एवं हवालात की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए तथा वाहन चोरी के मामलों में तकनीकी माध्यमों का उपयोग कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए।
जनरल परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी सेंधवा एवं बड़वानी सहित लगभग 150 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस बल के अनुशासन, दक्षता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश दिया गया।