नीमच। नगर समस्या सुझाव ग्रुप (एनएसएसजी) द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी शीतलहर को देखते हुए निर्धन, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के लिए निःस्वार्थ सेवा भाव से शीत सेवा अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत पंचमुखी गणेश मंदिर से की गई, जहां एडीएम बोन्द्रसिंह कलेश, डिप्टी कलेक्टर चन्द्रशेखर धार्वे एवं यातायात प्रभारी सोनू बड़गुर्जर के करकमलों से जरूरतमंदों को गर्म वस्त्र वितरित किए गए।
ग्रुप एडमिन विवेक खण्डेलवाल ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में उच्च गुणवत्ता वाले ब्रांडेड स्वेटर, कार्डिगन, जर्सी, टोपी एवं मौजे का वितरण चौकन्ना बालाजी मंदिर के पीछे किया गया। इसके पश्चात हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 में आदिवासी भाई-बहनों को गर्म वस्त्र प्रदान किए जाएंगे। द्वितीय चरण में चयनित जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए जाएंगे, वहीं तृतीय चरण में आवश्यकता अनुसार पुनः गर्म वस्त्र एवं कंबल वितरण किया जाएगा।
इस अवसर पर एडीएम बोन्द्रसिंह कलेश ने कहा कि एनएसएसजी सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है और जरूरतमंदों की सहायता कर मानवता की उत्कृष्ट मिसाल पेश कर रहा है। डिप्टी कलेक्टर चन्द्रशेखर धार्वे ने कहा कि यह ग्रुप नगर की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ पर्यावरण, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं समाजसेवा के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
यातायात प्रभारी सोनू बड़गुर्जर ने एनएसएसजी को एक सशक्त सामाजिक मंच बताते हुए इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वरिष्ठ महिला सदस्य आशा सांभर ने पिछले चार वर्षों से किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी दी। अंत में आयोजन की मुख्य सहयोगी तृप्ति मनोज दुआ ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रो. बीना चौधरी, रानी राणा, वीणा खण्डेलवाल, ज्योति प्रवीण मित्तल, मनोज दुआ, कन्हैयालाल शर्मा, वरुण खण्डेलवाल, प्रकाश गोयल, संजय श्रीवास्तव, विजय समदानी, मनोज जैन, घनश्याम सेठिया, जितेन्द्र अहीर, रंजन स्वामी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।