उज्जैन। जिले के माकड़ोन में डैम के पानी के बंटवारे को लेकर किसानों का आक्रोश सामने आया है। पैतीसा डेम के पानी को लेकर माकड़ोन और डेलची गांव के किसानों के बीच चल रहे पुराने विवाद के चलते माकड़ोन के किसानों ने मंडी गेट के बाहर करीब तीन घंटे तक चक्का जाम किया। किसानों का आरोप है कि डेलची गांव के कुछ लोगों ने रात के समय पाइपलाइन और मोटर को नुकसान पहुंचाया, जिससे करीब 35 किसानों की सिंचाई व्यवस्था बाधित हो गई और हजारों रुपये का नुकसान हुआ।
माकड़ोन के किसानों का कहना है कि डेलची के किसान हर साल पानी को लेकर मनमानी करते हैं और उन्हें कानून का कोई डर नहीं है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए और डैम के पानी का स्थायी व न्यायसंगत बंटवारा सुनिश्चित किया जाए। मामले में पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है और प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कर विवाद सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।